सरायपाली(जीतयादव)। शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल केना में सुशासन तिहार के अंतर्गत 13 मई 2026 को जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में क्षेत्र की 18 ग्राम पंचायतों के नागरिक अपनी समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे। शिविर में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आवेदन लिए जाएंगे।
सुशासन तिहार के तहत 18 ग्राम पंचायतों के नागरिकों की समस्याएं सुनेंगे अधिकारी।
शिविर में भोथलडीह, बैतारी, चट्टीगिरोला, कुटेला, जोगनीपाली, इच्छापुर, केना, देवलभाठा, जलगढ़, सानपंधी, माधोपाली, परसदा, खैरझिटकी, दर्राभाठा, पुटका, केजुवां, बेलमुंडी और अंतरझोला ग्राम पंचायतों के लोग शामिल होंगे। विभिन्न विभागों के अधिकारी मौके पर उपस्थित रहकर समस्याओं के निराकरण की प्रक्रिया पूरी करेंगे।
प्रशासन की ओर से सुशासन तिहार शिविर के लिए विकासखंड शिक्षा अधिकारी टीकम चंद पटेल, बीआरसी देवानंद नायक, सहायक जे.के. पटेल तथा ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी गुलशन चौहान को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।
शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। कार्यक्रम के दौरान आमजन को शासन-प्रशासन से सीधे संवाद का अवसर भी मिलेगा।
स्थानीय प्रशासन ने सभी संबंधित ग्राम पंचायतों के नागरिकों से शिविर में उपस्थित होकर अपनी समस्याओं के निराकरण हेतु आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की है।



