बसना(जीतयादव)। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के बसना सेवा केंद्र में 1 मई से आयोजित समर कैंप का 8 मई को उत्साह और उमंग के साथ समापन हुआ। समापन समारोह में बच्चों ने कला, क्राफ्ट, योग, खेल, संगीत, नृत्य और फायरलेस कुकिंग जैसी गतिविधियों में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समर कैंप आकाश दर्शन कार्यक्रम में बच्चों को ग्रहों, तारों और अंतरिक्ष विज्ञान की दी गई रोचक जानकारी।
समर कैंप का उद्देश्य बच्चों को मोबाइल और अन्य गैजेट्स से दूर रखकर रचनात्मक गतिविधियों, खेलकूद और व्यक्तित्व विकास की ओर प्रेरित करना था। कार्यक्रम में बच्चों द्वारा तैयार ‘बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट’, पेंटिंग और क्राफ्ट की प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही। इसके साथ ही योग और संगीत की प्रस्तुतियों ने अभिभावकों का मन मोह लिया।

समापन अवसर पर विशेष रूप से आकाश दर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान अजय कुमार भोई और प्रेमचंद साव ने बच्चों को ग्रहों, तारों, उपग्रहों और अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़ी रोचक जानकारियां दीं। अजय कुमार भोई ने कहा कि विज्ञान और अध्यात्म का संतुलन मानव जीवन को सही दिशा देता है और इससे समाज में सकारात्मक बदलाव आता है।

कार्यक्रम में के के पुरोहित, हेमराज निषाद, जयपाल वर्मा, जानकी जीवन प्रधान, ब्रह्मकुमारी प्रीति बहन, यमुना बहन और ललित मिश्रा सहित बड़ी संख्या में बच्चे एवं अभिभावक उपस्थित रहे।




