महासमुंद(जीतयादव)। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स एवं थाना महासमुंद पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 43.120 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 21 लाख 56 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपी गांजा को ओडिशा से नागपुर ले जाने की फिराक में थे।
ओडिशा से नागपुर ले जा रहे थे गांजा, कार में छिपाकर कर रहे थे तस्करी।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की होंडा सिटी कार में मादक पदार्थ परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मेन रोड महासमुंद में नाकेबंदी कर वाहन को रोका। तलाशी के दौरान कार के बैक लाइट, सीट के पीछे, डिक्की और विशेष चैंबर में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपियों स्यामल बसंत वासनिक (नागपुर) और दानिस अंसारी (नागपुर) को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह गांजा फुलवानी (ओडिशा) से कामटी, नागपुर ले जा रहे थे।
![]()
इस मामले में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त कार और मोबाइल फोन सहित कुल 24 लाख 76 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में लगातार चेकिंग अभियान चलाकर मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा।



