सरायपाली(जीतयादव)।थाना सिंघोड़ा पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 312 किलो से अधिक गांजा जब्त किया है। जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 1 करोड़ 56 लाख 34 हजार 500 रुपये आंकी गई है, वहीं कुल जप्त संपत्ति का मूल्य 1 करोड़ 71 लाख 42 हजार 500 रुपये बताया गया है। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ महासमुंद पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई लगातार जारी है।
कर्नाटक-मध्यप्रदेश के दो गांजा तस्कर गिरफ्तार, ओडिशा से तीन सप्लायर भी दबोचे।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से एक ट्रक में मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर एनएच-53 स्थित रेहटीखोल के पास नाकेबंदी कर संदिग्ध ट्रक (KA13 D-7710) को रोका गया। तलाशी लेने पर ट्रक में रखी बोरियों से 312.590 किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद हुआ। मौके से चालक इम्तियाज खान (कर्नाटक) और सहचालक रवि प्रकाश राउतकर (मध्यप्रदेश) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा ओडिशा के सोनपुर से मुंबई ले जाया जा रहा था।

मामले में आगे की कार्रवाई करते हुए पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर ओडिशा के बरहमपुर से तीन और आरोपियों—जियाउल हक, नदीम अंसारी और सुखविंदर उर्फ बुलबुल—को गिरफ्तार किया। ये आरोपी गांजा की सप्लाई और ट्रांसपोर्ट की व्यवस्था में शामिल थे। पुलिस ने एक ट्रक, एक कार और मोबाइल फोन भी जप्त किए हैं।
आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है। महासमुंद पुलिस के अनुसार पिछले तीन महीनों में 68 प्रकरणों में 4681 किलो से अधिक गांजा जब्त कर 181 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।



