महासमुंद(जीतयादव)। गुमशुदा लोगों की तलाश के लिए महासमुंद पुलिस द्वारा 1 फरवरी से 30 मार्च तक विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान जिले के सभी अनुविभागों में अलग-अलग टीम बनाकर गुम इंसानों की पतासाजी की गई, जिसके परिणामस्वरूप कुल 210 गुम इंसानों को दस्तयाब कर सुरक्षित उनके परिजनों तक पहुंचाया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य गुमशुदा लोगों को जल्द से जल्द ढूंढकर उन्हें परिवार से मिलाना और ऐसे मामलों को प्राथमिकता के साथ हल करना था।
जिले के सभी थाना क्षेत्रों में गठित टीमों ने चलाया गुमशुदा खोज अभियान।
पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान दस्तयाब किए गए लोगों में 4 बालक, 13 बालिकाएं, 145 महिलाएं और 48 पुरुष शामिल हैं। यह अभियान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में समन्वय के साथ चलाया गया, जहां लगातार खोजबीन, तकनीकी सहायता, मुखबिर तंत्र और पुलिस टीमों की सक्रियता से गुमशुदा लोगों का पता लगाया गया। कई मामलों में परिजनों की सूचना, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुमशुदा व्यक्तियों को सुरक्षित बरामद किया।

थानावार आंकड़ों के अनुसार महासमुंद थाना क्षेत्र से 73, खल्लारी से 11, तुमगांव से 8, सिरपुर चौकी से 4, पिथोरा से 28, पटेवा से 9, सांकरा से 8, सरायपाली से 14, बसना से 18, भंवरपुर चौकी से 14, सिंघोड़ा से 6, कोमाखान से 7, बागबाहरा से 6, तेंदूकोना से 3 तथा बुंदेली चौकी से 1 गुम इंसान को दस्तयाब किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश के लिए भविष्य में भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति गुमशुदा या संदिग्ध स्थिति में दिखाई दे तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाना को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके और लोगों को सुरक्षित उनके परिवार तक पहुंचाया जा सके।




