सरायपाली(जीतयादव)। संकुल केंद्र बाराडोली में सोमवार को शिक्षक रमेश लाल पटेल के सेवानिवृत्त होने पर भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शिक्षकों और कर्मचारियों ने उनके लंबे सेवाकाल को याद करते हुए सम्मानपूर्वक विदाई दी। कार्यक्रम के दौरान वातावरण भावुक रहा और उपस्थित लोगों ने उनके योगदान की सराहना की।
संकुल केंद्र बाराडोली में शिक्षक रमेश लाल पटेल के सेवानिवृत्त होने पर शिक्षकों और साथियों ने दी सम्मानपूर्ण विदाई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संकुल समन्वयक ऋषि प्रधान ने कहा कि शिक्षक कभी वास्तव में सेवानिवृत्त नहीं होते। उन्होंने कहा कि सेवाकाल में शिक्षक बच्चों को शिक्षा देते हैं और सेवानिवृत्ति के बाद अपने अनुभवों से समाज को नई दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने शिक्षकों को राष्ट्र का प्रहरी और समाज का दर्पण बताते हुए भावी पीढ़ी के निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया।

इस दौरान विद्यालय बाराडोली के प्राचार्य गोपाल प्रसाद बरिहा ने शिक्षक रमेश लाल पटेल के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उनका कार्य और व्यवहार अन्य शिक्षकों व विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि पटेल ने अपने सेवाकाल में केवल पढ़ाई तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि छात्रों में संस्कार, अनुशासन और नैतिक मूल्यों के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया।
समारोह के दौरान उनके सहयोगी भोजराज पटेल भी भावुक हो गए। उन्होंने विद्यालय परिवार, सहकर्मियों और छात्रों के साथ बिताए पलों को याद करते हुए कहा कि यह सफर उनके जीवन की सबसे खूबसूरत यादों में शामिल रहेगा। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति एक औपचारिक प्रक्रिया है, लेकिन विद्यालय और छात्रों से उनका रिश्ता हमेशा बना रहेगा।

कार्यक्रम के अंत में संकुल समन्वयक ऋषि प्रधान ने रमेश लाल पटेल को श्रीफल, शॉल, अंगवस्त्र और बुके भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही हाई स्कूल बाराडोली, उच्च प्राथमिक शाला बाराडोली, पाटसेन्द्री, प्राथमिक शाला कोकड़ी, डुमरपाली और पाटसेन्द्री बाराडोली की ओर से स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। उपस्थित लोगों ने माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी विदाई दी और उनके स्वस्थ, सुखद एवं सम्मानपूर्ण जीवन की कामना की।
![]()
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य गोपाल प्रसाद बरिहा ने की, जबकि संचालन संकुल समन्वयक ऋषि प्रधान ने किया। इस अवसर पर तेजकुमारी भोई, दीपक पटेल, चन्द्रभानु पटेल, जगदीश पटेल, ऋषि साहू, सनातन साहू, संदीप कुमार भोई, राजेन्द्र कुमार निर्मलकर, सविता पटेल, चंद्रशेखर पटेल, युवराज सिदार, नानदाऊ पटेल, शांति नैरोजी, अनुसूया पटेल, जितेंद्र साहू, कविता भोय, किशन चौधरी, नेहा पटेल और गायत्री सहित अनेक शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की जानकारी शिक्षा विभाग के मीडिया प्रभारी दुर्वादल दीप ने दी।



