सरायपाली(जीतयादव)।नेवता भोज का आयोजन प्रधानमंत्री पोषण योजना के तहत शासन के निर्देशानुसार बस्ती सरायपाली और महलपारा स्कूल में किया गया। बच्चों को पोषणयुक्त और स्वादिष्ट भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित यह कार्यक्रम सामाजिक समरसता और सहयोग की भावना का सुंदर उदाहरण बनकर सामने आया।
सरायपाली के बस्ती और महालपारा स्कूल में प्रथम जन्मदिवस पर नेवता भोज का आयोजन।
शासकीय प्राथमिक शाला बस्ती सरायपाली में पदस्थ सहायक शिक्षक राजेश प्रधान तथा केंद्रीय विद्यालय सरायपाली में पदस्थ शिक्षिका मल्लिका प्रधान ने अपनी पुत्री के प्रथम जन्मदिवस के अवसर पर यह विशेष नेवता भोज आयोजित किया। कार्यक्रम का आयोजन शासकीय प्राथमिक शाला बस्ती सरायपाली, आदर्श प्राथमिक शाला महालपारा तथा वार्ड क्रमांक 13 और 14 के आंगनबाड़ी केंद्रों में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में बच्चों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।
इस अवसर पर बच्चों को स्नेहपूर्वक स्वादिष्ट भोजन कराया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम में बस्ती सरायपाली के केंद्राध्यक्ष गणेश चौहान, शिक्षक कमलेश कुमार निराला, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, रसोइया और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
स्थानीय लोगों और उपस्थित जनसमूह ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के नेवता भोज कार्यक्रम समाज में अपनत्व और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।यह आयोजन न केवल एक पारिवारिक खुशी का प्रतीक बना, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का भी प्रेरणादायक उदाहरण साबित हुआ। कार्यक्रम की जानकारी शिक्षा विभाग के मीडिया प्रभारी दुर्वादल दीप ने दी।



