सरायपाली(जीतयादव)। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन सरायपाली के तत्वावधान में कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम (राजस्व) सरायपाली अनुपमा आनंद (IAS) को ज्ञापन सौंपा।फेडरेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि इससे पहले भी कर्मचारियों की 11 सूत्रीय मांगों को लेकर मुख्य सचिव और जिला कलेक्टरों के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जा चुका है।
11 सूत्रीय मांगों को लेकर कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने सौंपा ज्ञापन, डीए एरियर्स, पदोन्नति, वेतन विसंगति और नियमितीकरण प्रमुख मांगों में शामिल।
फेडरेशन ने बताया कि प्रदेश के कर्मचारियों को “मोदी की गारंटी” के तहत लंबित मांगों के समाधान की अपेक्षा है। प्रमुख मांगों में जुलाई 2016 से लंबित डीए एरियर्स की राशि जीपीएफ खाते में समायोजित करना, 8-16-24-32 वर्ष में चार स्तरीय पदोन्नति समयमान वेतनमान लागू करना, अर्जित अवकाश नगदीकरण 300 दिन करना और विभिन्न विभागों की वेतन विसंगतियों को दूर करना शामिल है।
इसके अलावा शिक्षकों को प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा लाभ देने, सहायक शिक्षकों और सहायक पशु चिकित्सा अधिकारियों को समयमान वेतनमान देने, अनुकंपा नियुक्ति की 10 प्रतिशत सीमा समाप्त करने और पंचायत सचिवों के शासकीयकरण की मांग भी रखी गई है।
फेडरेशन ने प्रदेश में कार्यरत दैनिक वेतनभोगी, संविदा और कार्यभारित कर्मचारियों के नियमितीकरण तथा विभागों में रिक्त पदों पर जल्द भर्ती की भी मांग की है।बताया गया कि इन मांगों को लेकर 132 मान्यता प्राप्त और गैर मान्यता प्राप्त कर्मचारी संगठनों के सहयोग से आंदोलन के चौथे चरण के तहत ज्ञापन सौंपा गया है।
इस दौरान अनिल पटेल, भोलानाथ नायक, जयंत बारीक, राजेश प्रधान, गणेश चौहान, उपेंद्र साहू, रोशन भोई, अंगद बारिक, लिंगराज देवांगन, जितेंद्र कुमार साहू, चंद्रशेखर पटेल, दमयंती नायक, दुर्वादल दीप, लोकेश पात्र सहित कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।



