सरायपाली(जीतयादव)।शासकीय उच्च प्राथमिक शाला केदुवाँ में कक्षा 8वीं के विद्यार्थियों के सम्मान में भावभीनी विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह की शुरुआत मां सरस्वती की वंदना से हुई, जिसके बाद कक्षा 6वीं और 7वीं के विद्यार्थियों ने कक्षा 8वीं के विद्यार्थियों का गर्मजोशी से स्वागत किया।
केदुवाँ में कक्षा 8वीं के विद्यार्थियों का गर्मजोशी से स्वागत और मां सरस्वती की वंदना।
विद्यालय की शिक्षिका रेखा पांडेय और शिक्षक घनश्याम प्रसाद पटेल, हेमंत कुमार चौधरी, घनश्याम दास एवं राजेश पटेल ने विद्यार्थियों को आशीर्वचन देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सभी शिक्षकों ने जीवन में अनुशासन, परिश्रम और अच्छे संस्कारों के महत्व पर जोर दिया।
समारोह में विद्यालय के पूर्व शिक्षक खुशीराम दास, मोतीलाल पटेल एवं शमशाद ख़ान भी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को आशीष देते हुए शिक्षा के महत्व और भविष्य में सफलता प्राप्त करने के लिए मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम में विभिन्न मनोरंजक खेल और म्यूजिकल गेम्स का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कक्षा 6वीं और 7वीं के विद्यार्थियों ने कक्षा 8वीं के विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी।
इसके अलावा केदुवाँ के छोटे विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत गीत, नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह का आनंद बढ़ा दिया। कक्षा 8वीं के विद्यार्थियों ने विद्यालय में बिताए अनुभव साझा किए और शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया, जिससे माहौल भावुक हो गया।अंत में विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उन्हें आने वाले जीवन के लिए प्रेरित किया।



