सरायपाली(जीतयादव)। एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10.600 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 30 हजार रुपये बताई जा रही है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। जब्त कुल संपत्ति की कीमत लगभग 5 लाख 75 हजार रुपये आंकी गई है।
एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और पुलिस की कार्रवाई, महाराष्ट्र के दो गांजा तस्कर पकड़े गए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स को सूचना मिली थी कि एक हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल (एमएच 49 एजी 7784) में उड़ीसा की ओर से अवैध गांजा लेकर दो व्यक्ति आ रहे हैं। सूचना के आधार पर एनएच-53 स्थित रेहटीखोल में पुलिस टीम ने नाकाबंदी कर जांच शुरू की। कुछ समय बाद संदिग्ध मोटरसाइकिल आने पर उसे रोककर तलाशी ली गई।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम सागर शुद्धोधन निकालजे (35 वर्ष) निवासी नागपुर (महाराष्ट्र) तथा पीछे बैठे व्यक्ति ने अपना नाम अतुल विनोद नंदेश्वर (33 वर्ष) निवासी नागपुर (महाराष्ट्र) बताया। तलाशी के दौरान उनके पास रखे काले बैग से 10.600 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। आरोपियों ने बताया कि वे यह गांजा फुलवानी (उड़ीसा) से लेकर नागपुर (महाराष्ट्र) में बिक्री के लिए ले जा रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20बी (2)(बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक जिले में 50 प्रकरणों में 3061.790 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया जा चुका है, जिसकी अनुमानित कीमत 15 करोड़ 25 लाख 70 हजार रुपये है तथा इस दौरान 146 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।



