सरायपाली(जीतयादव)। शासकीय प्राथमिक शाला कंवरपाली में कक्षा पाँचवीं के विद्यार्थियों के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार, शिक्षकगण और छात्र-छात्राओं की उपस्थिति में विद्यार्थियों को भावभीनी विदाई दी गई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
शासकीय प्राथमिक शाला कंवरपाली में विदाई समारोह, विद्यार्थियों को उपहार देकर दी गई शुभकामनाएं।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना के साथ हुई। इसके बाद विद्यालय के छोटे विद्यार्थियों ने स्वागत गीत, कविता और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बना दिया। कक्षा चौथी के विद्यार्थियों ने अपने वरिष्ठ साथियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर शिक्षा विभाग के मीडिया प्रभारी दुर्वादल दीप ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए अपनी कविता के माध्यम से विदाई और परीक्षा के महत्व को बताया तथा सभी विद्यार्थियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
कंवरपाली विद्यालय के प्रधान पाठक गोरख लाल पण्डा ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए परिश्रम, अनुशासन और लगन बेहद आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से उच्च शिक्षा प्राप्त कर समाज और देश की सेवा करने का आह्वान किया। वहीं सहायक शिक्षक डिग्री लाल पटेल ने भी बच्चों को आशीर्वाद देते हुए उन्हें निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम के दौरान कक्षा पाँचवीं के विद्यार्थी प्रकृति बरिहा, चांदनी बरिहा, प्रीति चौहान, मुस्कान चौहान, देवराज चौहान और यश कुमार चौहान ने विद्यालय में बिताए गए अपने अनुभव साझा किए और शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया।विदाई समारोह के अंत में विद्यार्थियों को तख्ती, कॉपी, पेन, कम्पास और पानी की बोतल भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

इस अवसर पर कंवरपाली शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के सदस्य शिव चौहान, कमल किशोर बरिहा, मुखलेंद्र पटेल और भागीरथी यादव सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। समारोह के दौरान भावुक माहौल देखने को मिला और सभी ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए विदाई दी।



