सरायपाली(जीतयादव)।शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार एवं रचनात्मक शिक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित टीचिंग लर्निंग मटेरियल (TLM) मेला प्रतियोगिता में शासकीय उच्च प्राथमिक शाला रिमजी ने संकुल से लेकर विकासखंड स्तर तक उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
TLM मेला में 3D वर्किंग मॉडल से मानव नेत्र की संरचना को किया आकर्षक तरीके से प्रस्तुत।
प्रतियोगिता के प्रथम चरण में आयोजित संकुल स्तरीय टीएलएम प्रतियोगिता में विद्यालय ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी शैक्षणिक गुणवत्ता और नवाचारी दृष्टिकोण का परिचय दिया। इस उपलब्धि के आधार पर विद्यालय को विकासखंड स्तर पर प्रतिनिधित्व का अवसर मिला।

दिनांक 13 फरवरी 2026 को आयोजित विकासखंड स्तरीय TLM मेला प्रदर्शनी एवं प्रतियोगिता का आयोजन शासकीय हाई स्कूल झिलमिला में किया गया, जो विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री टीकम चंद्र पटेल एवं विकासखंड स्रोत केंद्र समन्वयक श्री देवानंद नायक के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस प्रतियोगिता में शासकीय उच्च प्राथमिक शाला रिमजी के विज्ञान शिक्षक श्री ओमप्रकाश साव एवं शिक्षक श्री कमल नारायण भोई द्वारा प्रस्तुत“मानव नेत्र की आंतरिक संरचना एवं क्रियाविधि” पर आधारित 3D वर्किंग मॉडल को निर्णायक मंडल द्वारा विशेष रूप से सराहा गया। इसके फलस्वरूप विद्यालय को विकासखंड स्तर पर भी प्रथम स्थान प्रदान किया गया।

TLM मेला प्रतियोगिता के माध्यम से मानव नेत्र की कार्यप्रणाली, प्रकाश का अपवर्तन, प्रतिबिंब निर्माण तथा सामान्य नेत्र दोष जैसे निकट दृष्टि दोष (Myopia) एवं दूर दृष्टि दोष (Hypermetropia) को सरल एवं रोचक तरीके से प्रदर्शित किया गया।प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका श्री सी. एल. पुहुप (प्राचार्य), श्री भोगसिंग भोई (प्राचार्य), श्री राजेन्द्र नायक (प्राचार्य) एवं श्रीमती दीपिका पटेल (व्याख्याता) द्वारा निभाई गई।
विद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए शिक्षकों को बधाई दी और इसे रिमजी क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक बताया। यह सफलता विद्यालय की नवाचार आधारित शिक्षण पद्धति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का सशक्त प्रमाण है।




