सरायपाली(जीतयादव)।नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) एवं थाना बलौदा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त टीम ने प्रतिबंधित नशीली टेबलेट की तस्करी करते हुए एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 899 नग Nitrazepam Tablet (Nitrosun 10) जब्त की गई, जिसकी कीमत लगभग 6571.69 रुपए आंकी गई है।
ANTF द्वारा प्रतिबंधित नशीली टेबलेट की तस्करी करते एक युवक गिरफ्तार, 899 नग टेबलेट जब्त।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबीर से सूचना मिली थी कि एक युवक एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल में सवार होकर ओड़िशा की ओर से अवैध नशीली टेबलेट लेकर आ रहा है। सूचना के आधार पर बलौदा क्षेत्र में घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को रोका गया। पूछताछ और तलाशी के दौरान युवक के पास से भारी मात्रा में प्रतिबंधित टेबलेट बरामद की गई।

पुलिस ने आरोपी से मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 GT 7940 (कीमत लगभग 20,000 रुपए) तथा एक टच स्क्रीन मोबाइल फोन (कीमत लगभग 5,000 रुपए) भी जब्त किया है। इस प्रकार कुल जब्ती की कीमत 31,571.69 रुपए बताई जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी का नाम शेख रेहान पिता शेख शाहिद (उम्र 20 वर्ष) निवासी वार्ड नंबर 06, इस्लाम मोहल्ला, सरायपाली, जिला महासमुंद बताया गया है। आरोपी के विरुद्ध थाना बलौदा में अपराध क्रमांक 11/26, धारा 21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया है।
ANTF और पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी को यह नशीली दवाइयां कहां से मिली और इन्हें किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
ANTF द्वारा लगातार जिले में नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें।




