सरायपाली(जीतयादव)।सरायपाली में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बलोदिया राइस मिल को सील कर दिया है। भौतिक सत्यापन के दौरान राइस मिल में 61,203 बोरा धान की कमी पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने मिल में उपलब्ध समस्त स्टॉक को जब्त कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
राइस मिल में भौतिक सत्यापन में भारी गड़बड़ी उजागर, 61,203 बोरा धान कम मिलने पर प्रशासन का शिकंजा।
यह कार्रवाई अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) अनुपमा आनंद के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम द्वारा की गई। जांच के दौरान पाया गया कि राइस मिल में निर्धारित स्टॉक के अनुरूप धान उपलब्ध नहीं था। दस्तावेजों के अनुसार मिल में कुल 37,759.6 क्विंटल धान (94,399 बोरा) तथा 2,328 क्विंटल चावल (4,656 बोरा) का रिकॉर्ड दर्ज था, लेकिन भौतिक रूप से इतनी मात्रा मौजूद नहीं मिली।

प्रशासन द्वारा की गई जांच में अनियमितता सामने आने पर मिल में मौजूद पूरे स्टॉक को जब्त कर लिया गया और बलोदिया राइस मिल को सील कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि धान की इतनी बड़ी मात्रा आखिर कहां गई और इसमें किन लोगों की भूमिका रही है।

आज की कार्रवाई के दौरान तहसीलदार श्रीधर पंडा, खाद्य विभाग, मंडी एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।उल्लेखनीय है कि जिले में कलेक्टर श्री विनय लंगेह के निर्देश पर धान के अवैध परिवहन, भंडारण और बिक्री पर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।




