बसना(जीतयादव)। ANTF द्वारा नशे के कारोबार पर लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में थाना बसना क्षेत्र अंतर्गत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कुल 21 किलो 620 ग्राम गांजा बरामद कर दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए गांजा की अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख 75 हजार रुपये बताई गई है।
नशे के कारोबार के नेटवर्क पर बड़ी चोट, सोर्स और सप्लायर दोनों पुलिस की गिरफ्त में।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 18 जनवरी 2026 को Anti Narcotics Task Force को गुप्त सूचना मिली थी कि उड़ीसा से छत्तीसगढ़ की ओर गांजा की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर टीम द्वारा घेराबंदी कर कार्रवाई की गई, जिसमें आरोपी उत्तम दास पिता अनिल दास उम्र 35 वर्ष निवासी झरापाली, थाना मलखानगिरी (उड़ीसा) को पकड़ा गया। उसके पास से एक सफेद प्लास्टिक बोरी में भरा गांजा बरामद किया गया।

पूछताछ के दौरान सामने आया कि आरोपी को यह गांजा शिबा उर्फ शिबु बिंधानी पिता गौतम बिंधानी उम्र 40 वर्ष निवासी दनापदर परमपंगा, थाना बालिगुडा जिला कंदमाल (उड़ीसा) द्वारा उपलब्ध कराया गया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर नारकोटिक एक्ट की धारा 20(ख) के तहत विधिवत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया।

नशे कि कार्रवाई में गांजा के साथ-साथ परिवहन में प्रयुक्त हीरो सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG04 PN1215, एक टच स्क्रीन मोबाइल फोन तथा दो अलग-अलग नंबर प्लेट भी जब्त की गई हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 11 लाख 30 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गांजा तस्करी के मामलों में एंड-टू-एंड इन्वेस्टिगेशन, सोर्स प्वाइंट और डेस्टिनेशन प्वाइंट की जांच कर नेटवर्क को पूरी तरह तोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है और आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।



