महासमुंद(जीतयादव)।राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अवसर पर महासमुंद जिले में यातायात पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में दिनांक 19 जनवरी 2026 को सरस्वती शिशु मंदिर महासमुंद में यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय में अध्ययनरत 298 छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अवसर पर 298 छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों और संकेतों की दी गई जानकारी।
यातायात पुलिस महासमुंद के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विद्यार्थियों को सड़क पर चलते समय हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, ज़ेब्रा क्रॉसिंग का उपयोग करने, ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने तथा तेज गति से वाहन न चलाने जैसे नियमों की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही बच्चों को यातायात संकेत चिन्हों के बारे में भी सरल भाषा में समझाया गया।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को यातायात जागरूकता से संबंधित पंपलेट भी वितरित किए गए और उन्हें इन नियमों का स्वयं पालन करने के साथ-साथ अपने परिवारजनों और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।

यातायात पुलिस अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत 01 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक जिलेभर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और लोगों में सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित हो।
विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों में कम उम्र से ही यातायात नियमों के प्रति समझ और जिम्मेदारी पैदा करते हैं, जिससे भविष्य में सुरक्षित और अनुशासित नागरिक तैयार होते हैं।
यह कार्यक्रम छात्रों के लिए न केवल ज्ञानवर्धक रहा, बल्कि समाज में सड़क सुरक्षा को लेकर सकारात्मक संदेश देने वाला भी साबित हुआ।



