महासमुंद(जीतयादव)।केंद्रीय सिविल सेवा सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा बोर्ड द्वारा आयोजित ऑल इंडिया सिविल सर्विसेस लॉन टेनिस (पुरुष एवं महिला) प्रतियोगिता 2025-26 का आयोजन 16 से 22 दिसंबर 2025 तक सचिवालय जिमखाना, सेक्टर-21 गांधीनगर (गुजरात) में किया गया। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ राज्य की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए टीम इवेंट में स्वर्ण पदक हासिल किया।

ऑल इंडिया सिविल सर्विसेस लॉन टेनिस टीम इवेंट में छत्तीसगढ़ ने हासिल किया स्वर्ण पदक
इस उपलब्धि में महासमुंद जिले की मुक्ता साहू एवं पाखी भट्ट, साथ ही अंजनी साहू एवं अंजली बरमाल का अहम योगदान रहा। छत्तीसगढ़ टीम ने पूरे टूर्नामेंट में दमदार खेल दिखाते हुए फाइनल मुकाबले में जीत दर्ज कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

प्रतियोगिता के दौरान छत्तीसगढ़ दल के प्रशिक्षक विधि तिवारी एवं मैनेजर सचिन मिश्रा टीम के साथ उपस्थित रहे। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से जिले और राज्य में खुशी का माहौल है।
इस अवसर पर सांसद रूप कुमारी चौधरी ने खिलाड़ियों को मेडल, प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है और अन्य खिलाड़ियों को भी प्रेरित करेगी।



