बसना(जीत यादव)। मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत बसना क्षेत्र से 30 श्रद्धालुओं का पावन अयोध्या धाम के लिए शुभ प्रस्थान हुआ। 26 नवंबर 2025 को बसना में अध्यात्म और उत्साह से भरा दृश्य देखने को मिला, जब रामलला के दर्शन को निकल रहे श्रद्धालुओं को ग्रामवासियों व कार्यकर्ताओं ने शुभकामनाओं के साथ विदा किया।
मुख्य कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष श्री नरेन्द्र यादव ने यात्रियों को हरी झंडी दिखाकर तीर्थ यात्रा का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा शुरू की गई यह योजना प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों और श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक शक्ति, आस्था और मानसिक शांति प्रदान करने वाली महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने यात्रियों से छत्तीसगढ़ की खुशहाली, सौहार्द और समृद्धि के लिए प्रभु श्रीराम से आशीर्वाद की प्रार्थना करने का आग्रह किया।
इस अवसर पर जनपद पंचायत बसना के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) श्री पियूष ठाकुर भी उपस्थित रहे। उन्होंने सभी यात्रियों के लिए सुरक्षित, सफल और मंगलमय यात्रा की कामना की। प्रशासनिक उपस्थिति से कार्यक्रम में अनुशासन, गरिमा और सौहार्द का वातावरण और अधिक सुदृढ़ हुआ।

यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के चेहरों पर गहरी भक्ति, आस्था और उत्साह का भाव देखने को मिला। ग्रामवासियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और भाजपा पदाधिकारियों ने श्रद्धालुओं का स्वागत कर उन्हें यात्रा के लिए शुभकामनाएँ दीं।कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व जिला उपाध्यक्ष रमेश अग्रवाल, महामंत्री सरोज पटेल, महामंत्री दीपक शर्मा, कोषाध्यक्ष अमृत चौधरी, जनपद पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना को छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपरा को मजबूती प्रदान करने वाली सराहनीय पहल बताया।




