बसना । विकासखंड स्तरीय स्काउट्स एवं गाइड्स की तृतीय सोपान जाँच शिविर का आयोजन 27 से 30 नवंबर तक शासकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बिछिया (पोटापारा) में किया जाएगा। इस चार दिवसीय आवासीय शिविर में विकासखंड के सभी पूर्व माध्यमिक तथा हाई स्कूलों के छात्र-छात्राएं शामिल होंगे।विकासखंड शिक्षा अधिकारी बद्री विशाल जोल्हे ने सभी प्राचार्यों और प्रधान पाठकों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि प्रत्येक संस्था से आवश्यक संख्या में स्काउट-गाइड प्रतिभागियों को प्रशिक्षण हेतु अनिवार्य रूप से भेजा जाए। निर्देशों के अनुसार —

पूर्व माध्यमिक विद्यालयों से 8 स्काउट व 8 गाइड
हाई स्कूलों से 12 स्काउट व 12 गाइड
पूर्णतः कन्या विद्यालयों से 24 गाइड / रेंजर
पूर्णतः बालक शालाओं से 24 स्काउट / रोवर
सहित एक स्काउटर या गाइडर/स्काउट-गाइड प्रभारी अनिवार्य रूप से भाग लेंगे।

स्काउट्स एवं गाइड्स शिविर का शुल्क 400 रुपए (शिविर शुल्क 250 + पंजीयन शुल्क 150) स्काउट मद से देय होगा। शिविर पूर्णतः आवासीय रहेगा, जिसमें प्रतिभागियों को स्काउटिंग के विभिन्न व्यावहारिक एवं शैक्षणिक प्रशिक्षण दिए जाएंगे।
शिविर में प्रशिक्षक दल में गिरीश कुमार पाढ़ी (शिविर संचालक), विवेकानंद दास, डिजेन्द्र कुर्रे, गिरीश गजेन्द्र, लक्ष्मण पटेल, रमाकांति दास, सुकमोती चौहान, अन्नपूर्णा बुड़ेक, ईश्वरी पोर्रे, अनिल सिंह साव (क्वार्टर मास्टर), टेकलाल पटेल, रेखराम पटेल (पंजीयन प्रभारी) तथा मीडिया प्रभारी प्रेमचन्द साव, कमलेश साहू, गजानंद भोई, रोहित शर्मा, हीराधर साव, वारिश कुमार, शंकर सिदार, जयदेव साहू, हरिराम साव, सविता सुमन, उर्मिला मिश्रा, नीलम कुमार आदि शामिल रहेंगे।

स्काउट्स एवं गाइड्स का चार दिवसीय शिविर में विभिन्न दिवसों पर विशेष अतिथि शामिल होंगे —
उद्घाटन समारोह (27 नवंबर): मुख्य अतिथि – जनपद सदस्य राजेश गढ़तिया, अध्यक्षता – भारत स्काउट्स एवं गाइड्स संघ बसना के अध्यक्ष व नगर पंचायत उपाध्यक्ष शीत गुप्ता।
द्वितीय दिवस (सांस्कृतिक संध्या): मुख्य अतिथि – छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष व जिला मुख्य आयुक्त चंद्रहास चंद्राकर, अध्यक्षता – भाजपा बसना विधानसभा संयोजक डॉ. एन.के. अग्रवाल।
तृतीय दिवस: मुख्य अतिथि – बसना विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल, अध्यक्षता – ऐतराम साहू, जिला अध्यक्ष स्काउट्स एवं गाइड्स महासमुंद।
समापन समारोह (30 नवंबर): मुख्य अतिथि – नगर पंचायत बसना की अध्यक्ष डॉ. खुशबू अग्रवाल, अध्यक्षता – उपाध्यक्ष शीत गुप्ता।
शिविर में प्रतिभागी स्काउटिंग के मूल तत्वों जैसे — प्रतिज्ञा, नियम, टोली विधि, ध्वज शिष्टाचार, विभिन्न प्रकार की गाँठें, प्राथमिक उपचार, खोज चिन्ह, व्यायाम, सर्व धर्म समभाव एवं स्काउट आंदोलन का ज्ञान आदि का प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।




