शासकीय प्राथमिक शाला करनापाली में संविधान दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया
बसना। शासकीय प्राथमिक शाला करनापाली विकासखंड बसना जिला महासमुंद में आज 26 नवंबर 2025 को संविधान दिवस बड़े ही हर्षोल्लास और गरिमामय माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत छात्रों और शिक्षकों द्वारा संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक पठन से हुई, जिसमें “हम भारत के लोग…” की गूंज पूरे विद्यालय परिसर में सुनाई दी।

विद्यालय के प्रधान पाठक गिरधारी साहू ने बताया कि 26 नवंबर 1949 को भारत की संविधान सभा ने देश के महान संविधान को अंगीकृत किया था। यह दिन हमें संविधान के महत्व, उसकी शक्तियों और मूलभूत कर्तव्यों की याद दिलाता है।शिक्षक वीरेन्द्र कुमार कर ने कहा कि भारत का संविधान विश्व का सबसे बड़ा लिखित संविधान है, जो प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय, धर्मनिरपेक्षता और बंधुत्व जैसे अनमोल अधिकार प्रदान करता है।

शिक्षिका निर्मला नायक ने संविधान निर्माताओं के योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डॉ. भीमराव अम्बेडकर सहित अनेक विद्वानों की दूरदर्शिता और अथक परिश्रम से हमें ऐसा मजबूत संविधान प्राप्त हुआ है। डॉ. अम्बेडकर को भारतीय संविधान का “शिल्पकार” कहा जाता है।कार्यक्रम में बाल कैबिनेट की शिक्षा मंत्री कुमारी जयंती नेताम ने बच्चों के साथ मिलकर संविधान की प्रस्तावना का वाचन नेतृत्व किया। आज के संदेश — “अधिकारों के साथ कर्तव्य भी आवश्यक हैं” — को सभी शिक्षकों व छात्रों ने आत्मसात करने का संकल्प लिया।

संविधान दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने में शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष ओमप्रकाश पटेल, सदस्य गंगाधर नेताम, कमल पटेल सहित ग्रामीणों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।विकासखंड शिक्षा अधिकारी बद्री विशाल जोल्हे, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी लोकेश्वर सिंह कंवर तथा बीआरसीसी अनिल सिंह साव ने दूरभाष के माध्यम से शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।




