सरायपाली (जीत यादव) :- राष्ट्रव्यापी “नशामुक्त भारत अभियान” (NMBA) के सफलतापूर्वक पाँच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 18 नवंबर 2025 को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अनुपमा आनंद (IAS) के मार्गदर्शन में शासकीय प्राथमिक शाला सिरशोभा में नशा मुक्ति शपथ एवं जन-जागरूकता रैली का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाना तथा स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त समाज निर्माण की दिशा में बच्चों और ग्रामीणों को प्रेरित करना था।
विद्यालय प्रांगण में शपथ ग्रहण
NMBA कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय प्रांगण में हुई, जहाँ प्रधान पाठक दुर्वादल दीप ने नशामुक्ति संबंधी संदेश का वाचन किया। इसके उपरांत सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं उपस्थित ग्रामीणजनों को नशामुक्त भारत अभियान की शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण के दौरान उपस्थित लोगों ने नशे से दूर रहने, दूसरों को प्रेरित करने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प लिया।
गांव में निकाली गई जन-जागरूकता रैली
शपथ ग्रहण के बाद NMBA नशा मुक्ति जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली विद्यालय परिसर से निकलकर गांव के मुख्य मार्गों, गलियों और चौराहों से होती हुई पुनः विद्यालय परिसर में पहुँची। रैली में शामिल विद्यार्थियों ने “नशा छोड़ो – जीवन जोड़ो”, “नशा मुक्त भारत – स्वस्थ भारत”, “नशा बनेगा विनाश की जड़” जैसे प्रभावशाली नारे लगाए। बच्चों ने हाथों में आकर्षक स्लोगन तख्तियाँ लेकर लोगों को संदेश दिया। रैली का नेतृत्व सहायक शिक्षक राजकुमार भोई द्वारा किया गया।
समाज को जागरूक करने की पहल
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में नशे के प्रति नकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया। शिक्षकों ने समझाया कि NMBA नशा केवल व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। इसलिए बच्चों से लेकर युवाओं तक सभी को नशा मुक्ति की दिशा में आगे आना चाहिए।
कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न
कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय स्टाफ, ग्रामवासी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं छात्र-छात्राओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। NMBA नशामुक्त भारत अभियान के तहत इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में अत्यंत प्रभावी सिद्ध हो रहे हैं।






