महासमुंद नगरपालिका में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए, सुरक्षा और पारदर्शिता बढ़ाने की पहल
महासमुंद। नगर की सुरक्षा और पारदर्शिता (सीसीटीवी)को मजबूत करने के उद्देश्य से नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू के निर्देश पर नगर पालिका परिषद महासमुंद के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
इन कैमरों की स्थापना नगर पालिका परिसर, बेलसोंडा फिल्टर प्लांट, स्टोर यार्ड और पालिका कार्यालय में की गई है।
बेलसोंडा फिल्टर प्लांट से पूरे नगर की जलापूर्ति होती है, इसलिए वहाँ की सुरक्षा को लेकर यह कदम अत्यंत आवश्यक माना गया।
सुरक्षा और जनहित को लेकर बड़ा कदम
हाल के दिनों में फिल्टर प्लांट में गड़बड़ी और चोरी की शिकायतें सामने आई थीं। इन्हीं घटनाओं पर प्रभावी निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
इससे न केवल जलापूर्ति व्यवस्था की सुरक्षा और पारदर्शिता बनी रहेगी, बल्कि किसी भी अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई संभव होगी।
पालिका परिसर में लगाए गए कैमरे प्रशासनिक गतिविधियों की निगरानी में भी मदद करेंगे।
पार्किंग यार्ड में भी निगरानी व्यवस्था सुदृढ़
नगर के पार्किंग यार्ड (पुराना एसडीएम बंगला परिसर) में लगातार हो रही चोरी और लापरवाही की शिकायतों को ध्यान में रखते हुए वहाँ भी निगरानी व्यवस्था को सशक्त किया गया है।
अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने बताया कि—
“यह कदम नगर में सुरक्षा, पारदर्शिता और जनहित को ध्यान में रखकर उठाया गया है। सीसीटीवी कैमरे से अब हर गतिविधि पर नजर रखी जा सकेगी, जिससे जनता को सुरक्षित और विश्वसनीय सेवाएँ मिलेंगी।”



