महासमुंद। नगर पालिका क्षेत्र के ईमलीभाठा वार्ड क्रमांक 10 में सीसी रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। इस कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता वार्ड पार्षद माखन लाल पटेल ने की।इस अवसर पर नपा उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, जीएस ठाकुर, आलोक दुबे, विजय चंद्राकर, मनीष ठाकुर, रिंकू चंद्राकर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं वार्डवासी उपस्थित रहे।

भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने कहा कि— “शहर का विकास ही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। नगर के प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार और निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है। आज ईमलीभाठा वार्ड में सीसी रोड निर्माण से स्थानीय नागरिकों को आवागमन में बहुत सुविधा होगी।”

उन्होंने आगे कहा कि यह सड़क संजय साहू के घर से आंगनबाड़ी केंद्र तक बनाई जा रही है। इसके बनने से बारिश के समय नागरिकों को कीचड़ व पानी भराव की समस्या से राहत मिलेगी।अध्यक्ष साहू ने कहा कि नगर के विकास के लिए नपा टीम लगातार कार्य कर रही है और सभी वार्डों में जनसुविधाओं के विस्तार के प्रति प्रतिबद्ध है।कार्यक्रम के अंत में स्थानीय नागरिकों ने अध्यक्ष साहू एवं नगर पालिका टीम का आभार व्यक्त किया।


