बस की टक्कर से बाइक सवार तीन युवक घायल, एक की इलाज के दौरान मौत
महासमुंद जिले के बसना थाना क्षेत्र के बम्हनी केशरपुर मोड़ की घटना
बसना। जिले में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन हो रहे हादसों में कई लोगों की जान जा रही है। ताज़ा मामला बसना थाना क्षेत्र के ग्राम बम्हनी का है, जहाँ बस की टक्कर से बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बिलखंड निवासी राजेश बरिहा, अपने दो साथियों जगत राम बरिहा और भगतराम बरिहा के साथ 31 अक्टूबर को अपने रिश्तेदार के घर ग्राम धनसीर गए थे। वे एक बिना नंबर की बाइक पर सवार थे, जिसे राजेश चला रहा था। बताया गया कि वे किसी रिश्तेदार के कफन-दफन कार्यक्रम में शामिल होने गए थे।
वापसी के दौरान दोपहर करीब 2:30 बजे, जैसे ही तीनों युवक केशरपुर मोड़ (ग्राम बम्हनी) के पास पहुँचे, तभी बसना की ओर जा रही एक तेज़ रफ्तार बस (क्रमांक CG 10 G 0941) ने सामने से टक्कर मार दी।
हादसे में राजेश बरिहा को सिर, पैर और हाथ में गंभीर चोटें आईं, जबकि जगत राम बरिहा को माथे पर और भगतराम बरिहा को अंदरूनी चोटें लगीं। आसपास मौजूद लोगों की मदद से तीनों को तुरंत सरकारी अस्पताल बसना पहुँचाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के चाचा रामसिंह बरिहा अस्पताल पहुँचे, जहाँ राजेश और जगत राम बेहोश थे, जबकि भगतराम घायल अवस्था में होश में था। डॉक्टरों के प्रयास के बावजूद राजेश बरिहा की इलाज के दौरान मौत हो गई, वहीं अन्य दोनों युवकों का उपचार जारी है।
पुलिस ने बस चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।



