सरायपाली। स्वर्गीय राजा वीरेंद्र बहादुर सिंह शासकीय महाविद्यालय, सरायपाली में नवनिर्माण कोचिंग संस्थान सरायपाली के तत्वावधान में प्रतियोगी परीक्षा (मॉक टेस्ट 2025) का आयोजन किया गया। इस परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों को आगामी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करना और उन्हें वास्तविक परीक्षा का अनुभव प्रदान करना था।
मॉक टेस्ट को छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (CG Vyapam) की तर्ज पर तैयार किया गया था, जिसमें कुल 40 बहुविकल्पीय प्रश्न शामिल थे। परीक्षा में सामान्य ज्ञान, कंप्यूटर, रीजनिंग, राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम एवं सामान्य हिंदी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर आधारित प्रश्न पूछे गए।
इस मॉक टेस्ट में महाविद्यालय के लगभग 400 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्रों ने कहा कि यह परीक्षा उनके आत्ममूल्यांकन और तैयारी को मजबूत करने में अत्यंत सहायक रही।
कोचिंग संस्थान की ओर से शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को विशेष लाभ एवं आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाने की घोषणा की गई।
कार्यक्रम के सफल संचालन में रोजगार मार्गदर्शन एवं सूचना प्रकोष्ठ के संयोजक डॉ. आर.एस. पटेल, सदस्य हेमलता पटेल, डी.के. मांझी, के.एस. पटेल, दीपक कुमार और पीतांबर बाघ की सक्रिय भूमिका रही।
महाविद्यालय परिवार एवं परीक्षार्थियों ने प्राचार्य तथा रोजगार मार्गदर्शन एवं सूचना प्रकोष्ठ की टीम को इस उपयोगी आयोजन के लिए धन्यवाद प्रेषित किया।



