पिथौरा। जनपद पंचायत पिथौरा के ग्राम पंचायत डोंगरीपाली में भूतपूर्व सरपंच अहिल्या बरिहा के कार्यकाल के दौरान हुई गड़बड़ियों की जांच में भारी वित्तीय अनियमितताएं सामने आई हैं। ग्रामीणों द्वारा की गई शिकायत पर 9 से 11 सितंबर तक हुई जांच में कुल 1 करोड़ 39 लाख 26 हजार 93 रुपए के बिल और वाउचर ग्राम पंचायत में उपलब्ध नहीं पाए गए।
ग्रामीणों ने बताया कि 8 मई को कलेक्टर महासमुंद को शिकायत सौंपने के बाद जांच तो हुई, लेकिन दोषियों पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।
जांच में यह भी पाया गया कि—
वर्ष 2023-24 में सांसद निधि से स्वीकृत पुलिया निर्माण कार्य अधूरा है।
वर्ष 2024-25 में वार्ड-6 और वार्ड-8 में सांसद निधि से नाली एवं पुलिया निर्माण कार्य भी अधूरे मिले।
ग्रामीणों का आरोप है कि पूर्व सरपंच अहिल्या बरिहा और सचिव हजारीलाल केवर्त ने निर्माण कार्यों को आज तक पूरा नहीं किया और भारी भ्रष्टाचार किया गया, लेकिन अधिकारियों द्वारा जानबूझकर कार्रवाई नहीं की जा रही। इससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
24 नवंबर तक कार्रवाई नहीं तो होगा घेराव
ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के नाम आवेदन देकर 24 नवंबर तक दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है।
अगर कार्रवाई नहीं हुई तो 25 नवंबर को रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने की चेतावनी दी है।
शिकायत एवं चेतावनी देने वालों में
एमडी सागर, पंच खिरोद पटेल, अमितेश बरिहा, लक्ष्मीलाल यादव, चम्पोलता यादव, गंगाधर बरिहा सहित अनेक ग्रामवासी उपस्थित थे।





