बसना(रूपानंदसाव)।निजी टोल प्लाजा और आरटीओ के ई-डिटेक्शन सिस्टम से जुड़े कैमरों के कारण एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बसना क्षेत्र के एक मालवाहक वाहन पर अलग-अलग दिनों में कुल 13 बार चालान कट गया, जिससे वाहन मालिक पर ₹1,06,707 का भारी जुर्माना लग गया।
टोल प्लाजा और आरटीओ के ई-डिटेक्शन कैमरों से लगातार कटे चालान, पोंसरा के सदानंद साहू परेशान।
जानकारी के अनुसार पोंसरा निवासी वाहन मालिक सदानंद साहू का छोटा हाथी (मालवाहक वाहन) बीमा समाप्त होने के बाद सिंघनपुर टोल प्लाजा और झलप टोल प्लाजा से कई बार गुजरा। इस दौरान टोल प्लाजा पर लगे आरटीओ के ई-डिटेक्शन सीसीटीवी कैमरों ने वाहन के कागजात अधूरे पाए जाने पर अलग-अलग तिथियों में लगातार चालान काट दिए।
![]()
वाहन मालिक को इस भारी चालान की जानकारी तब मिली, जब वह बसना स्थित परिवहन सुविधा केंद्र में बीमा नवीनीकरण कराने पहुंचा। एक साथ इतनी बड़ी राशि का चालान देखकर वह हैरान रह गया और सदमे की स्थिति में आ गया।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में नेशनल हाईवे-53 सहित विभिन्न मार्गों पर आरटीओ द्वारा कैमरे लगाए गए हैं, जो सीट बेल्ट, बीमा और फिटनेस जैसे नियमों के उल्लंघन पर स्वतः चालान जारी कर रहे हैं। इसके अलावा स्थानीय पुलिस और विभिन्न थानों की टीम भी लगातार वाहन चेकिंग अभियान चला रही है।
![]()
इस घटना के बाद सदानंद साहू ने अपना वाहन पिछले पांच महीनों से घर में खड़ा कर दिया है और आर्थिक तंगी के चलते चालान की राशि चुकाने के लिए फसल बेचने और कर्ज लेने की तैयारी कर रहे हैं। इस मामले ने क्षेत्र में वाहन चालकों के बीच चिंता और चर्चा का माहौल बना दिया है।



