बसना(जीतयादव)। अवैध महुआ शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बसना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम तोषगांव (डीपापारा) में दबिश देकर 30 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब जब्त की है। जब्त शराब की कीमत करीब 6 हजार रुपये आंकी गई है।
दानी तालाब मेंड़, तोषगांव अवैध महुआ शराब में रेड, बसना पुलिस ने मौके से आरोपी को पकड़ा।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दानी तालाब के मेंड़, तोषगांव क्षेत्र में एक व्यक्ति अवैध शराब बिक्री के लिए रखे हुए है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी की पहचान अशोक रात्रे (35 वर्ष) निवासी डीपापारा, तोषगांव, थाना बसना, जिला महासमुंद के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से दो पीले प्लास्टिक डिब्बों में भरी कुल 30 लीटर महुआ शराब बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 217/26, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



