सरायपाली(जीतयादव)।सिरशोभा गांव में धार्मिक आस्था और भक्ति के माहौल के बीच श्री राम कथा महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन 4 अप्रैल से 6 अप्रैल 2026 तक आयोजित होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
सुप्रसिद्ध कथा वाचक कामता प्रसाद शरण करेंगे श्री राम कथा वाचन, समापन पर होगा विशाल भंडारा।
आयोजन की शुरुआत 4 अप्रैल की शाम 4 बजे भव्य कलश यात्रा के साथ होगी। इस यात्रा में गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और महिलाएं शामिल होंगी। इसके बाद 5 अप्रैल को दोपहर 3 बजे से श्री राम कथा का वाचन प्रारंभ किया जाएगा।
![]()
इस अवसर पर सुप्रसिद्ध कथा वाचक कामता प्रसाद शरण (जय गुरुदेव मानस परिवार) द्वारा राम कथा का वाचन किया जाएगा। वे कुड़ेरादादर, छुरा, जिला गरियाबंद के निवासी हैं और अपने ओजस्वी तथा भावपूर्ण प्रवचनों के लिए जाने जाते हैं। उनके प्रवचनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को श्रीराम कथा का रसपान करने का अवसर मिलेगा।
![]()
कार्यक्रम का समापन 6 अप्रैल को दोपहर 3 बजे कथा वाचन के पश्चात पूर्णाहुति, विधिवत पूजन और विशाल भंडारा के साथ किया जाएगा। इस अवसर पर क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद ग्रहण करने के लिए आमंत्रित किया गया है।आयोजन समिति ने ग्रामवासियों एवं आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर श्री राम कथा का श्रवण करने और धर्म लाभ प्राप्त करने की अपील की है।


