बसना(जीतयादव)। सरायपाली क्षेत्र के बलौदा थाना अंतर्गत स्थित शिशुपाल पर्वत से बारीकपाली के एक युवक और एक नाबालिग युवती द्वारा कूदकर आत्महत्या करने की घटना सामने आई है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है।
बारीकपाली के डिलेश्वर साव और कोमल के शव मिले, परिजनों को पहले ही दी थी सूचना।
मिली जानकारी के अनुसार दोनों सांकरा थाना क्षेत्र के ग्राम बारीकपाली के निवासी बताए जा रहे हैं। युवक की पहचान डिलेश्वर साव के रूप में हुई है, जबकि नाबालिग युवती का नाम कोमल बताया गया है। बताया जा रहा है कि दोनों 2 अप्रैल को दोपहर करीब 3 से 4 बजे के बीच अपने घर से निकले थे।
सूत्रों के अनुसार, दोनों ने शिशुपाल पर्वत पहुंचकर अपने परिजनों को फोन कर बताया था कि वे वहां से कूदकर जान देने वाले हैं। यह सूचना मिलते ही परिजन शाम करीब 6 बजे मौके पर पहुंचे, जहां उन्हें पर्वत के पास एक मोटरसाइकिल खड़ी मिली। परिजनों ने देर रात तक दोनों की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
अगले दिन सुबह फिर से खोजबीन शुरू की गई, जिसके बाद दोनों के शव पर्वत के नीचे मिले। इस घटना से परिवार और गांव में शोक का माहौल है। बताया जा रहा है कि युवक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है।स्थानीय लोगों के अनुसार, शिशुपाल पर्वत से पहले भी इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे यह स्थान चिंता का विषय बनता जा रहा है।



