महासमुंद(जीतयादव)।जिला महासमुंद पुलिस की टीम ने महिला सुरक्षा, सेल्फ डिफेन्स और साइबर अपराध से बचाव पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया।प्राचार्या श्रीमती चंद्रिका विश्वकर्मा के मार्गदर्शन और कार्यक्रम अधिकारी श्री सालिक राम ढीमर के सहयोग से रासेयो पॉलिटेक्निक महासमुंद के सात दिवसीय विशेष शिविर के दूसरे दिन ग्राम लाफिनकला में महिला सशक्तिकरण विषय पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को रोजमर्रा के सामान—जैसे पर्स, बोतल, हेयरपिन, मोबाइल आदि का उपयोग कर स्वयं की सुरक्षा करने के आसान और कारगर तरीके बताए। साथ ही शारीरिक स्वास्थ्य, सतर्कता और परिस्थिति अनुसार तुरंत प्रतिक्रिया देने की समझाइश दी।
सोशल मीडिया सुरक्षा पर विशेष जानकारी
कार्यक्रम में बताया गया कि
सोशल मीडिया पर निजी या संवेदनशील जानकारी साझा न करें।
मजबूत पासवर्ड का उपयोग करें।
अंजान लोगों के वीडियो कॉल, लिंक या संदिग्ध मैसेज को तुरंत ब्लॉक करें।
किसी परिचित के नाम से पैसे की मांग आने पर पहले स्वयं संपर्क कर सत्यापन अवश्य करें।
साइबर अपराध पर रोक—1930 नंबर का प्रचार
पुलिस टीम ने बढ़ते साइबर अपराधों पर चिंता जताते हुए छात्रों को बताया कि किसी भी प्रकार का ऑनलाइन फ्रॉड होने पर तुरंत टोल-फ्री हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज करें। इसके साथ ही नजदीकी पुलिस थाना या साइबर सेल में रिपोर्ट करना भी जरूरी है।
टीम ने यह भी समझाया कि—
यदि कोई व्यक्ति पुलिस अधिकारी, सीबीआई, बैंक अधिकारी या जज बनकर पैसे मांगे तो धोखा समझें।
वीडियो कॉल पर धमकी देने या किसी फर्जी FIR की जानकारी देने वालों पर भरोसा न करें।
“पैसा दुगुना करने” जैसे लालचपूर्ण ऑफर्स से दूर रहें।
नशा मुक्ति व डायल 112 का महत्व भी बताया
अभियान के दौरान नशे के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से बताया गया और युवाओं को नशे से दूर रहने की अपील की गई। साथ ही डायल 112 की उपयोगिता और आपात स्थितियों में उसके महत्व पर भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने इस जागरूकता अभियान से महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं और इसे अत्यंत उपयोगी बताया।



