महासमुंद।जिले में धान उपार्जन व्यवस्था को पारदर्शी बनाने प्रशासन सख्त हो गया है। राजस्व, मंडी, खाद्य एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमें जांच चौकियों, राइस मिलों और उपार्जन केंद्रों में लगातार कार्रवाई कर रही हैं। सोमवार को खाद्य एवं मंडी विभाग की टीम ने जिले की एक राइस मिल में बड़ी कार्रवाई करते हुए घोषित स्टॉक से अधिक धान जब्त किया।
खाद्य अधिकारी अजय यादव ने बताया कि पिथौरा स्थित रियांश राइस मिल राजाडेरा में स्टॉक वेरिफिकेशन के दौरान कस्टम मिलिंग वर्ष 2024-25 का 3020 बोरी धान घोषित मात्रा से अधिक पाया गया। यह कस्टम मिलिंग चावल उपार्जन आदेश 2016 का उल्लंघन है, जिस पर धान को मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
इसी तरह, संयुक्त टीम ने बागबाहरा में 72 बोरी अवैध धान जब्त किया। वहीं सरायपाली में अवैध परिवहन करते हुए एक वाहन और 60 बोरी धान पकड़ा गया, जिसे थाना सरायपाली के सुपुर्द कर दिया गया।अधिकारी अजय यादव ने स्पष्ट किया कि जिले की सभी राइस मिलों में भौतिक सत्यापन लगातार जारी रहेगा। स्टॉक में अनियमितता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
102 प्रकरणों में 9369 क्विंटल धान की जब्ती
जिले में अवैध धान परिवहन और संग्रहण पर कार्रवाई तेज है। अब तक 102 प्रकरणों में कुल 9369 क्विंटल से अधिक धान जब्त किया गया है।जिला खाद्य अधिकारी ने बताया कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी सुचारू रूप से जारी है, लेकिन अवैध परिवहन, भंडारण और विक्रय पर रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।



