सरायपाली(जीतयादव)। शासकीय प्राथमिक शाला बोड़ेसरा में “पढ़ई तिहार 2026” का आयोजन उत्साह और हर्षोल्लास के साथ किया गया। यह कार्यक्रम अंगना म शिक्षा 5.0 के अंतर्गत 11 अप्रैल 2026, शनिवार को आयोजित हुआ, जिसमें माताओं, गणमान्य नागरिकों, शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों तथा शिक्षक-शिक्षिकाओं की सक्रिय भागीदारी रही।
पढ़ई तिहार में माताओं और शिक्षकों की सहभागिता से बच्चों की शिक्षा व विकास पर जोर।
कार्यक्रम में माताओं ने “स्मार्ट माता” पहल के तहत लगाए गए विभिन्न शैक्षणिक काउंटरों पर भाग लेते हुए बच्चों की पढ़ाई को रोचक और निरंतर बनाए रखने के तरीकों को सीखा। साथ ही ग्रीष्मकाल में बच्चों को पढ़ाई से जोड़े रखने और आगामी सत्र के लिए उनकी तैयारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। आंगनबाड़ी के बच्चों और कार्यकर्ताओं की भी सहभागिता रही, जहां छोटे बच्चों को खेल-खेल में सीखने की गतिविधियों से परिचित कराया गया।
![]()
माताओं को घर पर ही ब्लैकबोर्ड बनाकर बच्चों को अभ्यास कराने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि वे सीखी हुई बातों को नियमित रूप से दोहरा सकें। साथ ही गर्मी के मौसम में बच्चों के स्वास्थ्य, विशेषकर डिहाइड्रेशन से बचाव पर भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधान पाठक बनमोती चिंतामणि ने कहा कि “हर बच्चे में विशेष प्रतिभा होती है, उसे पहचानने और निखारने की आवश्यकता है।” उन्होंने माताओं को बच्चों के नैतिक विकास, अनुशासन, स्वच्छता, बड़ों के सम्मान और सहयोग की भावना विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

पढ़ई तिहार कार्यक्रम में मनोरंजक और ज्ञानवर्धक खेलों का आयोजन भी किया गया तथा माताओं को सम्मानित कर स्वल्पाहार वितरित किया गया। कार्यक्रम का संचालन सहायक शिक्षक क्षेत्रपाल भोई ने किया।



