महासमुंद। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू होने जा रही है। प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। बुधवार को सभी उपार्जन केंद्रों में ट्रायल रन किया गया ताकि खरीदी कार्य सुचारू, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।हालांकि, सहकारी समिति कर्मचारियों की हड़ताल के चलते कई केंद्रों पर खरीदी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश
कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देशानुसार सभी 74 नोडल अधिकारियों ने अपने-अपने केंद्रों में जाकर 29 बिंदुओं की चेकलिस्ट के आधार पर तैयारी का परीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान गोदाम, तौल कांटा, कंप्यूटर प्रणाली, बारदाना, किसान पंजीयन सूची और सुरक्षा व्यवस्था की बारीकी से जांच की गई।
कलेक्टर ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि—
“धान खरीदी शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार ही होनी चाहिए। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।”
सहकारी समिति कर्मचारियों की हड़ताल से तैयारी पर सवाल
जिला सहकारी समिति कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष विजय कोसरे ने बताया कि करीब 700 कर्मचारी पिछले 10 दिनों से हड़ताल पर हैं और चार सूत्रीय मांगों को लेकर जिला मुख्यालय में डटे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि—
“हड़ताल के चलते कई केंद्रों में ताले लटके हैं। ऐसे में ट्रायल रन कैसे संभव है? ऑपरेटर भी आंदोलन में शामिल हैं, इसलिए सॉफ्टवेयर का ट्रायल अब तक नहीं हो पाया।”
उन्होंने कहा कि नए ऑपरेटरों की भर्ती के बाद भी उन्हें प्रशिक्षण में समय लगेगा।
इस साल 12.45 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य
पिछले साल जिले में 11 लाख मीट्रिक टन धान खरीदा गया था, जबकि इस बार 12 लाख 45 हजार मीट्रिक टन का लक्ष्य रखा गया है।
कुल 1 लाख 65 हजार 288 किसान समर्थन मूल्य पर अपना धान बेच सकेंगे।
खरीदी प्रक्रिया की निगरानी के लिए कंट्रोल कमांड यूनिट बनाई गई है, जो रीयल टाइम मॉनिटरिंग करेगी।
‘तुंहर टोकन’ ऐप से मिलेगा ऑनलाइन टोकन
नोडल अधिकारी अविनाश शर्मा ने बताया कि टोकन प्रक्रिया गुरुवार से शुरू होने की संभावना है।
धान खरीदी में पारदर्शिता लाने के लिए सरकार ने ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल एप लॉन्च किया है।
किसान इस एंड्रॉइड एप के जरिए अपने मोबाइल से उपार्जन केंद्र और तिथि चुनकर टोकन प्राप्त कर सकेंगे। साथ ही भूमि, बैंक विवरण और खरीदी से जुड़ी जानकारी भी देख पाएंगे।
यह एप गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है।






