बसना(जीतयादव)।ग्राम पंचायत दलदली अंतर्गत ग्राम बिलखंड में नल-जल योजना की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना का उद्देश्य हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना था, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल उलट नजर आ रही है। भीषण गर्मी के बीच ग्रामीण आज भी पानी के लिए जूझने को मजबूर हैं।
टंकी बनी शोपीस, नल-जल योजना का पाइपलाइन चालू नहीं, ग्रामीणों ने जल्द जल आपूर्ति शुरू करने की मांग।
गांव में पानी की टंकी का निर्माण तो कर दिया गया है, लेकिन अब तक पाइपलाइन के जरिए जल आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। ग्रामीणों का कहना है कि टंकी केवल दिखावे के लिए खड़ी है और इसका कोई वास्तविक उपयोग नहीं हो रहा।स्थानीय लोगों के अनुसार, बोर खनन में पर्याप्त पानी उपलब्ध है, जिससे पूरे गांव की जरूरत आसानी से पूरी की जा सकती है। इसके बावजूद पानी सप्लाई शुरू नहीं होना प्रशासनिक लापरवाही और कार्य में देरी को दर्शाता है।
![]()
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि ठेकेदार द्वारा काम अधूरा छोड़ दिया गया है और केवल भुगतान निकाल लिया गया। इसके कारण नल-जल योजना अधर में लटक गई है और लोगों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है।
तेज गर्मी के चलते गांव में पानी की समस्या और गंभीर हो गई है। लोगों को दूर-दराज के स्रोतों से पानी लाना पड़ रहा है, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने मांग की है कि जल्द से जल्द नल-जल योजना का पाइपलाइन कनेक्शन चालू कर नियमित जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

यह मामला प्रशासन के लिए एक चेतावनी है कि योजनाओं की केवल घोषणा ही नहीं, बल्कि उनका सही और समयबद्ध क्रियान्वयन भी जरूरी है, ताकि आम जनता को वास्तविक लाभ मिल सके।



