रायगढ़। बड़पारा शराब भट्टी के पास युवक से मोबाइल और नकदी लूटने वाले तीन बदमाशों को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से घटना का खुलासा करते हुए लूटा गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है।
बड़पारा में युवक से मोबाइल और नकदी लूटने वाले बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़े, लूटा गया मोबाइल बरामद।
जानकारी के अनुसार राजेश प्रसाद (34 वर्ष) निवासी अखोराखुर्द, जिला बलरामपुर ने 16 जून को कोतवाली थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि रायगढ़ में निजी कार्य से आने के बाद बड़पारा शराब भट्टी के पास तीन युवकों ने उनसे पैसों की मांग की। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट की और पत्थर से हमला कर उनकी जेब से नकदी तथा मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने नवीन सोनवानी, चंद्रशेखर राठिया और रोशन वैष्णव को हिरासत में लिया। पूछताछ और पहचान परेड के दौरान तीनों की संलिप्तता सामने आने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी नवीन सोनवानी के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन बरामद किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में लूटपाट, मारपीट और असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। आम नागरिकों से भी संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।


