रायगढ़। धरमजयगढ़ पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत जुआ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम उदउदा में संचालित काट-पत्ती जुआ फड़ का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से पांच जुआरियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नकदी, ताश की गड्डी, जुआ सामग्री और आठ दोपहिया वाहन जब्त किए हैं। आरोपियों के विरुद्ध जुआ प्रतिषेध अधिनियम के साथ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है।
धरमजयगढ़ में जुआ प्रतिषेध अधिनियम के साथ बीएनएसएस की धारा 170 के तहत भी हुई कार्रवाई।
पुलिस के अनुसार रविवार शाम मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम उदउदा के आगे आम रास्ते पर कुछ लोग हार-जीत की बाजी लगाकर काट-पत्ती जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के निर्देशन एवं थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान उमेश देवनाथ, कालीचरण साह, मधुसुधन मंडल, सुशांत दास और ओमप्रकाश यादव को जुआ खेलते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 17,650 रुपये नगद, 52 पत्ती ताश, जुआ खेलने में प्रयुक्त बोरी का टुकड़ा तथा फड़ के पास खड़े 8 दोपहिया वाहन जब्त किए। जब्त वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है। बरामद वाहनों में सुपर स्प्लेंडर, होंडा एक्टिवा, टीवीएस जुपिटर, एचएफ डीलक्स, हीरो ग्लैमर, सीडी डीलक्स, होंडा साइन और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल शामिल हैं।
इस मामले में आरोपियों के खिलाफ थाना धरमजयगढ़ में छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। इसके अलावा सभी आरोपियों पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में चलाए जा रहे ऑपरेशन अंकुश के तहत जुआ, सट्टा, अवैध शराब और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राजेश जांगड़े, एएसआई मंजु मिश्रा, एएसआई रामसंजीवन वर्मा, प्रधान आरक्षक प्रकाश गिरी, आरक्षक मनोज कुमार, विजयानंद राठिया, अनूप जॉनसन केरकेट्टा एवं बीरबल टोप्पो की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


