सरायपाली(जीतयादव)। बच्चों में अपनत्व, सहभागिता और सामुदायिक भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शासकीय प्राथमिक शाला रिसेकेला में प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के तहत नेवता भोज का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को गुड़ से बने स्वादिष्ट मुर्रा लड्डू परोसे गए, जिन्हें पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के तहत रिसेकेला मेंआयोजित कार्यक्रम में पालकों से खुशी के अवसरों पर नेवता भोज कराने की अपील।
यह आयोजन विकासखंड शिक्षा अधिकारी टी.सी. पटेल के निर्देशन में संपन्न हुआ। विद्यालय की रसोइयों श्रीमती सेतकुंवर यादव एवं श्रीमती सरुणा यादव ने विशेष रूप से गुड़ से बने पौष्टिक मुर्रा लड्डू तैयार किए। बरसात के मौसम में बच्चों ने इस विशेष व्यंजन का आनंद लिया और उत्साह के साथ नेवता भोज में शामिल हुए।
इस अवसर पर रिसेकेला के प्रधान पाठक ईश्वर साहू ने कहा कि नेवता भोज केवल भोजन वितरण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि बच्चों और समाज के बीच आत्मीयता तथा सहयोग की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने पालकों से अपील की कि वे अपने बच्चों के जन्मदिन या परिवार के अन्य खुशी के अवसरों पर विद्यालय में नेवता भोज आयोजित करें, ताकि विद्यार्थियों के बीच प्रेम, अपनत्व और सामाजिक सहभागिता की भावना विकसित हो सके।
विद्यालय परिवार ने बताया कि इस तरह के आयोजन बच्चों में साझा संस्कृति, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देते हैं। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने खुशी-खुशी नेवता भोज का आनंद लिया और आयोजन की सराहना की।


