सरायपाली। ग्राम परधिया में इस वर्ष भी लक्ष्मी पूजा का आयोजन अत्यंत भव्यता और आस्था के साथ किया गया। पूरे गांव में आकर्षक सजावट, दीपों की मनमोहक रोशनी और भक्तिमय माहौल ने इस आयोजन को विशेष बना दिया।इस अवसर पर बसना विधानसभा के सक्रिय कांग्रेस नेता एवं जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके पहुंचने पर ग्रामीणों ने आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर देवी लक्ष्मी से क्षेत्र में शांति, समृद्धि और समस्त परिवारों की उन्नति की प्रार्थना की।

मोक्ष कुमार प्रधान ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों, जनसुविधाओं और आगामी योजनाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि लक्ष्मी पूजा धार्मिक और सामुदायिक आयोजन समाज में एकता और सौहार्द को मजबूत करते हैं। साथ ही विश्वास दिलाया कि वे हमेशा क्षेत्र की भलाई के लिए तत्पर रहेंगे और जनसमस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा।

पूरी रात चले लक्ष्मी पूजा आयोजन में महिला मंडलों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ भाग लिया। दीपदान, भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक बना दिया। ग्रामीणों ने बताया कि हर वर्ष यह पूजा बड़े स्तर पर होती है, लेकिन इस बार मोक्ष कुमार प्रधान की उपस्थिति से कार्यक्रम की गरिमा और अधिक बढ़ गई।



