बसना (जीत यादव)। ग्राम अरेकेल–कूड़ेकेल मार्ग स्थित सुरगी नाला पुल एवं पहुंच मार्ग निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों का धैर्य अब जवाब देने लगा है। लगभग 15 दिन पूर्व 15 नवंबर 2025 को ग्रामीणों ने पुल निर्माण में हो रही देरी से नाराज़ होकर नेशनल हाईवे पर चक्का जाम किया था। उस दौरान नायब तहसीलदार बसना द्वारा 10 दिनों के भीतर आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया गया था, जिसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया था।

लेकिन तय समय सीमा बीत जाने के बाद भी स्थल पर किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ, न ही संबंधित विभाग की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी दी गई। इसी कारण आज कूड़ेकेल पोटापारा सहित आसपास के ग्रामीण पुनः स्थिति जानने नायब तहसीलदार बसना कार्यालय पहुंचे।
5 दिन का नया आश्वासन
ग्रामीणों के अनुसार नायब तहसीलदार ने बताया कि
“पुल एवं पहुंच मार्ग निर्माण कार्य से जुड़े प्रस्ताव और प्रक्रिया पर विभाग काम कर रहा है और अगले 5 दिनों के भीतर कार्यवाही की जाएगी।”
पोटापारा के पूर्व सरपंच बृजलाल साव ने बताया कि ग्रामीणों ने पहले भी भरोसा किया, लेकिन 10 दिन का समय पूरा होने के बाद भी कोई कार्य प्रारंभ नहीं हुआ।
उन्होंने कहा—
“यदि 10 दिसंबर तक कार्य नहीं शुरू होता है तो 11 दिसंबर से बड़ा आंदोलन और पुनः चक्का जाम किया जाएगा।”

ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दिनों में सुरगी नाला पुल की स्थिति से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। स्कूल के बच्चों, किसानों और दैनिक आवागमन करने वालों को अक्सर जोखिम उठाते हुए नाला पार करना पड़ता है।
अब देखना होगा कि प्रशासन अपने नए आश्वासन अनुसार कितनी शीघ्र कार्रवाई करता है और क्या ग्रामीणों को राहत मिलती है या उन्हें फिर आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।





