बसना(जीतयादव)। नगर पंचायत बसना के पं. दीनदयाल उपाध्याय वार्ड क्रमांक 9 में सोमवार को कृमि मुक्ति दिवस मनाया गया। इस अवसर पर आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाव, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया।कार्यक्रम के दौरान एक 3 वर्षीय बच्चे को कृमिनाशक गोली खिलाकर कृमि मुक्ति अभियान की शुरुआत की गई।
पं. दीनदयाल उपाध्याय वार्ड में 3 वर्षीय बच्चे को खिलाई गई कृमिनाशक दवा, अभिभावकों को स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति किया जागरूक।
इस दौरान बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर आवश्यक जानकारी देते हुए नियमित स्वास्थ्य देखभाल और साफ-सफाई के महत्व पर जोर दिया गया।आंगनबाड़ी कार्यकर्ता वर्षा दुबे ने बच्चों और अभिभावकों को कृमि संक्रमण से बचाव के उपायों की जानकारी दी। वहीं सहायिका अनीता राणा और मितानिन परवीन खान ने भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम में वार्ड के सक्रिय कार्यकर्ताओं अमर राणा, वीरेंद्र सिंह साव, आशानंद, पार्वती दास एवं राधिका नायक की उपस्थिति रही। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने अभिभावकों से बच्चों के स्वास्थ्य पर नियमित ध्यान देने और स्वच्छता संबंधी आदतों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि बच्चों को स्वस्थ रखने के लिए समय-समय पर स्वास्थ्य संबंधी जांच, स्वच्छ भोजन, साफ पानी और व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना जरूरी है। अभिभावकों को बच्चों के स्वास्थ्य में किसी भी प्रकार की परेशानी नजर आने पर संबंधित स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं से संपर्क करने के लिए भी प्रेरित किया गया।
स्थानीय स्तर पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को कृमि संक्रमण से सुरक्षित रखने के साथ-साथ परिवारों में स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।


