महासमुंद(जीतयादव)।अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सार्वजनिक स्थानों पर धारदार हथियार (चाकू) लहराकर लोगों में दहशत फैलाने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
चाकू लहराकर लोगों को डरा रहे थे आरोपी, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर किया गिरफ्तार।
पहली कार्रवाई थाना महासमुंद क्षेत्र में की गई, जहां संजय कानन गार्डन के पास एक युवक चाकू लेकर लोगों को डरा-धमका रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर भारत साहू उर्फ शूटर (19 वर्ष), निवासी ईमलीभांठा, महासमुंद को चाकू सहित पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
वहीं दूसरी कार्रवाई थाना तुमगांव क्षेत्र में हुई। भोरिंग चौक, अमन ढाबा के पास एक युवक हाथ में धारदार हथियार लेकर राहगीरों को धमका रहा था, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बन गया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी योगेश साहू (22 वर्ष), निवासी ग्राम टेकारी, जिला रायपुर को हथियार सहित गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से लोहे का चाकू और एक मोबाइल जब्त किया गया है।

दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत विधिवत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। इसके लिए हेल्प डेस्क “संवाद” व्हाट्सएप नंबर 9479229939 पर सूचना दी जा सकती है, जिससे समय रहते कार्रवाई की जा सके।



