महासमुंद(जीतयादव)। स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए 13 अगस्त 2026 को महासमुंद के मिनी स्टेडियम में फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित की गई। इस दौरान कलेक्टर विनय कुमार लंगेह और पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने परेड का निरीक्षण किया और पुलिस, नगर सैनिक, एनसीसी व एनएसएस की कुल 11 टुकड़ियों की सलामी ली।
महासमुंद में छत्तीसगढ़ी संस्कृति और देशभक्ति से सजेगा समारोह, 11 टुकड़ियां करेंगी परेड में हिस्सा।
फुल ड्रेस रिहर्सल सुबह 9 बजे शुरू हुई, जिसमें स्कूली बच्चों ने भी स्वतंत्रता दिवस समारोह की प्रस्तुतियों का अभ्यास किया। इस दौरान महासमुंद के एसडीएम सुश्री अक्षा गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में मंच पर मौजूद रहीं। कलेक्टर ने समारोह को पूरी गरिमा, अनुशासन और उत्साह के साथ आयोजित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस समारोह में जिले के छह स्कूलों के विद्यार्थी छत्तीसगढ़ी संस्कृति और देशभक्ति से ओतप्रोत गीत-संगीत पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। समारोह का प्रमुख आकर्षण विभिन्न स्कूलों के करीब 900 बच्चों का सामूहिक पीटी प्रदर्शन रहेगा। रिहर्सल के दौरान बच्चों ने अधिकारियों के सामने अपने प्रदर्शन का अभ्यास किया।
कलेक्टर और एसपी ने कार्यक्रम स्थल पर मंच, बैठक व्यवस्था, परेड और अन्य तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने समारोह के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला मुख्यालय में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में जिले के प्रभारी एवं खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री दयाल दास बघेल मुख्य अतिथि होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 15 अगस्त को सुबह 8:58 बजे मुख्य अतिथि का आगमन होगा और 9 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके बाद 9:03 बजे परेड निरीक्षण, गार्ड ऑफ ऑनर और मार्च पास्ट होगा।
इसके पश्चात सुबह 9:30 बजे मुख्यमंत्री के जनता के नाम संदेश का वाचन किया जाएगा। समारोह में शहीद परिवारों का सम्मान भी किया जाएगा। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे और उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान जिला पंचायत की सीईओ अनुपमा आनंद, अपर कलेक्टर रवि साहू, उप पुलिस अधीक्षक सुनील नायक सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।


