सरायपाली(जीतयादव)। जिले में अवैध महुआ शराब निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सरायपाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 450 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की है। पुलिस ने शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही एक पुरानी मारुति कार को भी जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
बिलाईगढ़ से लाई जा रही थी अवैध महुआ शराब, कार सहित आरोपी गिरफ्तार कर भेजा गया जेल।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मारुति वाहन क्रमांक CG 04 HA 3326 में भारी मात्रा में महुआ शराब लेकर सरायपाली की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने सारंगढ़ रोड स्थित बिजली ऑफिस 132 केवी दर्राभांठा के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका। तलाशी के दौरान कार में रखे 15 प्लास्टिक ड्रमों से कुल 450 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 90 हजार रुपये आंकी गई है।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम फागुलाल थुरिया (26 वर्ष) निवासी शांति नगर कनकबीरा, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ बताया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी शराब को सारंगढ़-बिलाईगढ़ क्षेत्र से लाकर सरायपाली में खपाने की तैयारी में था। पुलिस को चकमा देने के लिए शराब का परिवहन पुरानी कार में किया जा रहा था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। कार्रवाई के दौरान 450 लीटर महुआ शराब के साथ करीब 35 हजार रुपये कीमत की मारुति कार भी जब्त की गई। कुल जब्त संपत्ति की कीमत 1 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है।
महासमुंद पुलिस के अनुसार जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। अभियान के तहत अब तक 600 प्रकरणों में 679 लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 20 लाख 69 हजार 680 रुपये कीमत की 7244.780 लीटर शराब जब्त की जा चुकी है।



