सांकरा(जीतयादव)। जिले में अवैध महुआ शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सांकरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को उड़ीसा निर्मित महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 30 लीटर महुआ शराब और परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल जब्त की है।
परसवानी पुल के पास पुलिस की कार्रवाई, 30 लीटर उड़ीसा निर्मित अवैध महुआ शराब और बाइक जब्त।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम परसवानी पुल के पास एक व्यक्ति अवैध महुआ शराब लेकर बिक्री के लिए जा रहा है। सूचना के आधार पर थाना सांकरा पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर कार्रवाई की।
इस दौरान आरोपी लोकेश निषाद (34 वर्ष) निवासी ग्राम परसवानी थाना सांकरा को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 30 लीटर उड़ीसा निर्मित महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 4,500 रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने शराब परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है, जिसकी कीमत करीब 20 हजार रुपये आंकी गई है। मामले में आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
महासमुंद पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



