महासमुंद(जीतयादव)। जिले में अवैध शराब बनाने, बेचने और परिवहन करने वालों के खिलाफ महासमुंद पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में थाना पटेवा और बसना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15 लीटर देशी और अवैध महुआ शराब सहित दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 60 हजार 200 रुपए बताई गई है।
अवैध शराब के अभियान में अब तक 662 लोगों पर कार्रवाई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना पटेवा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि NH-53 स्थित ग्राम तेंदुवाही पड़ाव के पास अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर बाइक क्रमांक CG 06 GG 4983 को रोका। तलाशी लेने पर वाहन की डिग्गी से 20 पौवा शोले प्लेन शराब बरामद हुई। मामले में आरोपी किशन दास वैष्णव निवासी सरेकेल को गिरफ्तार कर शराब और बाइक जब्त की गई।
इसी तरह पटेवा पुलिस ने बावनकेरा खट्टा रोड पर एक अन्य कार्रवाई में बाइक क्रमांक CG 04 DJ 3846 से 30 पौवा शोले प्लेन शराब बरामद की। आरोपी चंद्रहास बंछोर निवासी ग्राम खट्टा को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।
वहीं थाना बसना पुलिस ने ग्राम गढ़फूलझर स्थित अपना ढाबा के पास दबिश देकर जागेश्वर मिरी के कब्जे से 6 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की। आरोपी शराब बिक्री के लिए शराब रखे हुए था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
महासमुंद पुलिस के अनुसार, जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अब तक 7153.770 लीटर शराब जब्त की जा चुकी है, जिसकी कीमत 20 लाख 47 हजार 410 रुपए आंकी गई है। अभियान के दौरान अब तक 586 प्रकरण दर्ज कर 662 लोगों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की जा चुकी है।



