बसना(जीतयादव)। किशोरियों के स्वास्थ्य और भविष्य को सुरक्षित बनाने की दिशा में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गढ़फुलझर में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की छात्राओं के लिए एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान आयोजित किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छात्राओं को टीका लगाकर सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के प्रति जागरूक किया।
गढ़फुलझर स्कूल में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 14–15 वर्ष की छात्राओं का किया टीकाकरण, एचपीवी वैक्सीन के लाभ और सावधानियों की दी जानकारी।
कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के प्राचार्य सुरेश कुमार पटेल के मार्गदर्शन में किया गया। वहीं हेल्थ केयर ट्रेनर सत्यजीत गाड़िया के नेतृत्व में टीकाकरण की पूरी प्रक्रिया संपन्न हुई। टीकाकरण से पहले छात्राओं और उनके पालकों को एचपीवी वैक्सीन के महत्व, इसके लाभ तथा आवश्यक सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी गई।
विशेषज्ञों ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर से बचाव का प्रभावी माध्यम है। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक टीकाकरण कराया और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सभी आवश्यक स्वास्थ्य मानकों का पालन करते हुए अभियान को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।
इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग की ओर से जय किशन कौशिक (RMA), राजुकुमार जांगड़े (CHO), उषा जुलाहे (ANM) तथा प्रणव प्रधान (RHO) ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं विद्यालय की ओर से व्याख्याता बालमुकुंद चौहान सहित शिक्षकों और स्टाफ ने टीकाकरण अभियान के सफल संचालन में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
गढ़फुलझर स्कूल में प्रशासन ने बताया कि इस तरह के स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम छात्राओं के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य के लिए बेहद आवश्यक हैं। कार्यक्रम के अंत में स्वास्थ्य विभाग और विद्यालय परिवार ने छात्राओं से स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बनाए रखने तथा समय-समय पर होने वाले टीकाकरण कार्यक्रमों में भाग लेने की अपील की।


