रायगढ़। जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में रेलवे लाइन से तांबा तार और OHE सामग्री चोरी करने वाले चार सदस्यीय गिरोह को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी से रेलवे तांबा तार चोरी के तीन मामलों और मोटरसाइकिल की डिक्की से नकदी चोरी के एक मामले का खुलासा हुआ है।
घरघोड़ा पुलिस ने OHE 178 मीटर तांबा तार और नकदी बरामद कर मामला का किया खुलासा।
पुलिस के अनुसार पिछले कुछ महीनों में घरघोड़ा क्षेत्र में रेलवे लाइन और साइडिंग से तांबा तार चोरी की कई घटनाएं सामने आई थीं। इसके अलावा एक मामले में मोटरसाइकिल की डिक्की से 40 हजार रुपये की नकदी भी चोरी हुई थी। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी थी।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने ढोरम बायपास क्षेत्र में घेराबंदी कर मनोज धनवार, शशिभूषण दास बैरागी, अजय धनवार और लखन राठिया को हिरासत में लिया। पूछताछ में चारों आरोपियों ने OHE सामग्री चोरी और उठाईगिरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने जंगल में छिपाकर रखा गया 178 मीटर रेलवे तांबा तार बरामद किया। साथ ही उठाईगिरी से प्राप्त 3 हजार रुपये नकद भी जब्त किए गए। बरामद सामग्री की कुल कीमत करीब 1 लाख 41 हजार 840 रुपये बताई गई है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी रेलवे लाइन से OHE सामग्री चोरी किए गए तांबा तार और अन्य सामान को फेरी लगाने वाले कबाड़ियों के माध्यम से बेच देते थे। चोरी और उठाईगिरी से प्राप्त रकम को आपस में बांटकर खर्च किया जाता था। कुछ सामान जंगल में छिपाकर रखा गया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रेलवे संपत्ति से जुड़े अपराध सार्वजनिक सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा हैं। ऐसे मामलों में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


