तालपतरी में छिपाकर यूपी ले जा रहे थे 22 लाख का गांजा — महासमुंद ANTF और बसना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो तस्कर गिरफ्तार
बसना । जिले में पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। महासमुंद एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और बसना पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध गांजा तस्करी करते हुए दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 60 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 12 लाख रुपए आंकी गई है।
पुलिस ने बताया कि तस्करों ने गांजा को तालपतरी में छिपाकर रखा था, ताकि जांच के दौरान पुलिस को भनक न लगे। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 10 नवंबर को टीम को पता चला कि ओडिशा से अवैध गांजा की बड़ी खेप ट्रक में भरकर ओडिशा से पदमपुर, बसना, महासमुंद होते हुए उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने जिले में प्रवेश करने वाले सभी मार्गों पर सघन चेकिंग शुरू की।

पलसापाली बैरियर में चेकिंग के दौरान ओडिशा की ओर से आ रहा आयशर ट्रक (क्रमांक UP 72 BT 3907) संदिग्ध पाया गया। पुलिस टीम ने ट्रक को रोककर तलाशी ली, जहां तालपतरी के नीचे 3 बोरे गांजा बरामद किए गए। वजन करने पर उसमें कुल 60 किलो गांजा पाया गया।
पुलिस ने गांजा (कीमत ₹12 लाख), ट्रक (कीमत ₹10 लाख) और दो मोबाइल फोन (कीमत ₹10,000) जब्त किए हैं। कुल जब्ती राशि ₹22.10 लाख आंकी गई है।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान सद्दाम हुसैन पिता रिजवान हुसैन (34 वर्ष) और कियामुद्दीन पिता कमरूद्दीन (26 वर्ष) के रूप में हुई है, जो जिला प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश) के कन्धई हनुमानगंज थाना क्षेत्र के निवासी हैं। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।



