पिथौरा(जीतयादव)।पिथौरा क्षेत्र में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी में लिप्त चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 4 अप्रैल की रात को की गई, जब पुलिस को ओडिशा से छत्तीसगढ़ गांजा तस्करी की पुख्ता सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की टीम ने संबंधित क्षेत्र में सतर्कता बढ़ाते हुए निगरानी शुरू की।

गांजा ओडिशा से ग्रामीण रास्ते से छत्तीसगढ़ लाया जा रहा था एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की बड़ी कार्रवाई
कार्रवाई के दौरान टीम ने नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान एक स्कॉर्पियो वाहन को रोककर तलाशी ली गई। जांच में वाहन की सीटों के नीचे और प्लास्टिक की बोरियों में भरे 76 पैकेट गांजा बरामद किए गए, जिन्हें खाकी रंग के टेप से पैक किया गया था। जब्त गांजे का कुल वजन 152 किलोग्राम पाया गया, जिसकी बाजार कीमत लगभग 22 लाख 80 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी नेशनल हाईवे पर पकड़े जाने के डर से ग्रामीण सड़कों का उपयोग करते हुए ओडिशा से छत्तीसगढ़ गांजा बेचने के लिए ला रहे थे। इसी दौरान पुलिस की सतर्कता से वे पकड़े गए। इस संयुक्त कार्रवाई में दो थानों की पुलिस टीम भी शामिल रही।

फिलहाल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा गांजा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।


